शनिवार रात दो चोर एक घर के बाहर खड़ी बोलेरो लेकर भाग निकले। पीछा करने के बाद भी चोर हत्थे नहीं चढ़ सके लेकिन सोमवार सुबह वाहन निगोही में रेलवे फाटक के पास खड़ा मिला। नगर के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी रहीस ने बताया कि शनिवार शाम उसने अपनी बोलेरो गाड़ी घर के सामने खड़ी कर दी थी। रात में वाहन के स्टार्ट होने की आवाज आई तो वह बाहर निकला। दो चोरों को बोलेरो ले जाते देख उसने शोर मचाया और परिवार के लोगों के साथ बाइक से चोरों का पीछा किया। वहीं चोर वाहन सहित निगोही रोड पर भाग निकले। उसने मामले की सूचना पुलिस को भी दी। सोमवार सुबह उसका पुत्र इश्तियाक वाहन की तलाश में निगोही गया तो गाड़ी पुवायां मार्ग पर रेलवे लाइन के किनारे खड़ी मिल गई। लोग मान रहे हैं कि रात में रेलवे फाटक बंद होने और फंसने के डर से चोर बोलेरो को रेलवे लाइन के किनारे छोड़कर भाग निकले होंगे। बोलेरो मिलने से रहीस और उसके परिवार के लोगों ने चैन की सांस ली है।