मौके से सात स्प्रिट भरे, 34 खाली ड्रम भी बरामद
चोरी से स्प्रिट खरीददार जायलो गाड़ी छोड़कर फरार
अंबाला से स्प्रिट लेकर सिक्किम जा रहे थे तीनों टैंकर
अंबाला से सिक्किम जा रहे टैंकरों की सील तोड़कर स्प्रिट खरीदने-बेचने के कारोबार का आबकारी टीम ने भंडाफोड़ किया है। टीम ने शुक्रवार तड़के हाईवे पर जलालपुर पंप के पास स्प्रिट भरे तीन टैंकर, एक जाइलो कार व 41 ड्रम बरामद कर चार लोगों को बंदी बनाया है। तीनों टैंकर में कुल 75 हजार लीटर स्प्रिट बताई गई है।
आबकारी निरीक्षक आशीष सिंह ने सूचना के आधार पर अपनी टीम के साथ शुक्रवार तड़के लगभग पांच बजे रोजा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के समीप एक होटल के पास पेट्रोल पंप पर आड़ में खड़े तीन टैंकरों को चेक करना शुरू किया, तो टैंकरों की सील टूटी हुई थी। इसमें पाइप डालकर स्प्रिट निकाली जा रही थी। टीम को देखकर स्प्रिट निकाल रहे लोगों ने भागने की कोशिश की, तो घेराबंदी करके बिहार के जिला छपरा के थाना खैरा के गांव मानपुर निवासी आलम खां, मुजफ्फरपुर के थाना सरैया के गांव विहलवाड़ा निवासी रामबाबू, थाना सरैया के गांव सिउली निवासी राजकुमार और मुजफ्फरपुर निवासी मुनीम यासीन को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चार लोगों में तीन टैंकर चालक हैं। इस दौरान मौका पाकर जायलो गाड़ी छोड़कर एक व्यक्ति भाग गया। पकड़े गए लोगों ने उसका नाम अनूप कुमार बताया, जो टैंकर से निकाली जा रही स्प्रिट का खरीददार था। मौके से आबकारी टीम ने स्प्रिट के सात भरे हुए ड्रम और 34 ड्रम खाली बरामद किए हैं। आबकारी निरीक्षक ने पकड़े गए लोगों और मौके से फरार हुए व्यापारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर्राई है। बरामद स्प्रिट और ड्रम व टैंकर, गाड़ी रोजा पुलिस की सुपुर्दगी में हैं। आबकारी निरीक्षक आशीष सिंह की तहरीर पर पकड़े गए आरोपियों सहित वाहन स्वामियों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इससे पहले एक फैक्ट्री से दूध टैंकरों के जरिये अल्कोहल चोरी का मामला पकड़ा जा चुका है।
मुनीम है स्प्रिट का सौदागर
पकड़े गए लोगों ने आबकारी टीम को बताया कि रास्ते में सील तोड़कर प्रति टैंकर से एक हजार लीटर स्प्रिट चोरी कर बेचते थे। सारा लेनदेन का काम टैंकरों के साथ चल रहे मुनीम यासीन करते थे। अनूप कुमार जायलो से आया था, जो टैकरों के मुनीम से सौदा कर सील तोड़कर ड्रमों में स्प्रिट निकलवाने लगा। सात ड्रमों को स्प्रिट भरी जा चुकी थी।
एक लीटर स्प्रिट में बनती है दस लीटर शराब
जलापुर गांव के पास पकड़े गये स्प्रिट गोरखधंधे से यह साफ हो गया है कि क्षेत्र में कच्ची का कारोबार व्यापक पैमाने पर होता है, जिसकी सप्लाई आसपास के जिलों में होती है। पकड़े गए आरोपी यासीन ने पुलिस को बताया कि वह 30 रुपये प्रति लीटर स्प्रिट बेचता था। जिसको अनूूप कुमार के अलावा क्षेत्र के कच्ची शराब के कारोबारी खरीदते हैं। एक लीटर स्प्रिट से लगभग 10 लीटर शराब तैयार की जाती है। कच्ची शराब के लिए आरसी मिशन के पंथवारी, सुजातपुर, परमाली, गुवांरी, दनियापुर, चौढ़ेरा, थाना रोजा का शाहगंज, बरतारा, बिलन्दापुर थाना सेहरामऊ दक्षिणी का विशाफ कलां, बीबीपुर, फ रीदापुर, मियांपुर गौटिया, नौगवां, कैलहा गांव बदनाम हैं। जहां स्प्रिट की सप्लाई इन्हीं टैंकरों के जरिये की जाती है।
00
तलाशी के दौरान पंप और ढाबे के आसपास कुल 41 ड्रम बरामद किए गए हैं जिनमें सात ड्र्म जाइलो गाड़ी से बरामद हुए हैं। जिनको कब्जे में लिया गया है, नमूने लेकर जांच को भेजे जा रहे हैं।
आशीष सिंह
आबकारी निरीक्षक