कटियाटोल मोहल्ले में सिर में गोली लगने से मरी प्रीती के पिता ने आत्महत्या की तहरीर दी है और पुलिस भी उसी लाइन पर काम कर रही है। लेकिन घटनास्थल की स्थिति और पोस्टमार्टम रिपोर्ट हत्या की ओर साफ इशारा कर रहे हैं। जिस तमंचे से गोली चली है, वह मौके से नहीं मिला है। प्रीती ने आत्महत्या की है तो तमंचा कहां है, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। पुलिस कह रही है कि हम तमंचा जल्द ही बरामद कर लेंगे। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में पुलिस अधिकारी खुलकर बोलने से बच रहे हैं। वहीं सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट हत्या की ओर इशारा कर रही है। उधर, पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने धमाके की आवाज सुनी थी लेकिन ऐसा लगा कि कुछ गिरा है। उधर पिता रामानंद तिवारी की तहरीर के मुताबिक प्रीती परीक्षा में फेल हो गई थी। उसने घर पर आकर सिर में चोट मारकर आत्महत्या कर ली। उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है। पुलिस के मुताबिक वह प्रीती के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहते थे लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम कराना जरूरी समझा।
क्राइम सीन
प्रीती का शव स्टोर रूम की दीवार सहारे है, पीछे कंबल पर थोड़ा सा खून का दाग है। प्रीती के दाहिने हाथ की उंगलियां मुड़ी हुई हैं। बाएं तरफ का हिस्सा पूरा उड़ा हुआ है। गोली सिर के पीछे लगी है। बाई तरफ ही खून के छींटे उड़कर दीवार और वहां रखी मेज के पास ऊपर से टंगी चादर तक गए हैं, भेजा भी बाई तरफ ही बिखरा हुआ है और स्टोर की छत पर भी छींटे हैं। प्रीती के बाएं हाथ का कोहनी के ऊपर का पूरा हिस्सा खून से रंगा हुआ है। खून बाई तरफ से दाहिनी तरफ बह कर आया है। प्रीती ने घर के ही कपड़े पहन रखे हैं।
ये सवाल भी हैं
अगर किशोरी ने आत्महत्या की है तो सिर में पीछे से गोली कैसे मारी क्यों कि अपने हाथ से पीछे से गोली मारना संभव नहीं
आत्महत्या की है तो किशोरी के हाथ में गन पाउडर क्यों नहीं लगा
अगर आत्महत्या की है कि किशोरी के सिर पर घाव वाली जगह पर बाल जलने के निशान क्यों नहीं
किशोरी स्कूल से आई, उसने कपड़े बदले फिर उसकी मौत हुई है। अगर वह आत्महत्या करना चाहती थी उसे कपड़े बदलने की क्या जरूरत थी
किशोरी के बैग में तमंचा और चार कारतूस कहां से आए, क्या उसे पहले से रिजल्ट के बारे में पता था जो उसने तमंचे और कारतूस का इंतजाम कर लिया, नहीं तो उसे तमंचा कैसे मिला
स्कूल में प्रीती से अलग होने के आधे घंटे बाद प्रियांशी उसके घर पहुंची थी। यानी इस आधे घंटे के दौरान प्रीती कहां गई और तमंचा और कारतूस का इंतजाम कहां से किया।
छात्रा की सहेली की जुबानी
सहेली प्रियांशी ने बताया कि जब वह प्रीती के घर में रिजल्ट देने आई तो मकान का दरवाजा सटा हुआ था। उसने दरवाजा धक्का देकर खोला और घर के अंदर आ गई। प्रीती कमरे में नहीं थी। उसने स्टोर रूम में झांककर देखा तो प्रीती जमीन पर पड़ी हुई थी। उसके पास से खून बह रहा था। खून देखकर वह घर के बाहर भाग खड़ी हुई।
छात्रा की गोली लगने से मौत हुई है। उसका पूरा भेजा उड़ गया है इससे यह कह पाना मुश्किल है कि गोली कहां से लगी है। छात्रा के पिता ने आत्महत्या की तहरीर दी है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई हो रही है।
- राजेश कुमार, एसपी सिटी