फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गृहस्वामी को मार कर लाखों लूटे

Sun, 08 May 2016 12:49 AM IST
ब्यूरो /शाहजहांपुर
विज्ञापन
गृहस्वामी को मार कर लाखों लूटे
विज्ञापन
असलहों से लैस बदमाशों ने शुक्रवार रात करीब एक बजे एक घर पर धावा बोलकर गृहस्वामी की हत्या कर दी और तीन लाख की नगदी समेत लाखों रुपये का सामान लूट ले गए। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने पूरे परिवार को डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कस्बे के बारह पत्थर चौराहे के पास की चौकी से सौ मीटर दूर नई बस्ती के मकान में हुई वारदात की पुलिस को भनक तक नहीं लगी। पड़ोसियों को भी घटना की जानकारी तब हुई जब बदमाशों के जाने के बाद घर में चीखपुकार मची। शनिवार सुबह एसपी डॉ. मनोज कुमार ने डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मूलरूप से बरेली शहर की जनकपुरी आवास विकास कालोनी के रहने वाले 40 वर्षीय निर्देष कुमार उर्फ  नीतू पिछले आठ सालों से परिवार समेत जलालाबाद कस्बे में किराए के मकान में रह रहे थे। वह यहां किसानों को बैंक से लोन दिलाने के काम के साथ खेतीबाड़ी भी करते हैं। तीन महीने पहले ही उन्होंने नई बस्ती में जाहिद हुसैन का मकान किराए पर लिया था। शुक्रवार रात वह पत्नी अनूसी उर्फ पिंकी, आठ वर्षीय बेटे अर्जुन और चार साल के मयूर के साथ घर की छत पर सोए थे। उनकी मां राममूर्ति, छोटा भाई सोनू और बहन रजनी नीचे बरामदे में सो रहे थे। राममूर्ति पोलियो से ग्रस्त हैं। रात करीब एक बजे चार-पांच बदमाश घर में घुस आए और छत पर सो रहे निर्देष कुमार उर्फ  नीतू और उनकी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद बदमाश सीढ़ियों से नीचे उतरे और बरामदे में सो रही राममूर्ति, सोनू और रजनी को डंडे से पीटा। जिससे सभी बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाशों ने कमरों के ताले तोड़कर संदूक में रखे तीन लाख रुपये नगद, सोने की जंजीर, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी कुंडल, मांग टीका, तीन जोड़ी पायल, बिछुआ आदि जेवर लूट लिये और फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद घायलों की चीखें सुनकर पड़ोसी नीतू के घर में पहुंचे तो सन्न रह गए। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। घायलोें को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीतू की पत्नी पिंकी और बहन रजनी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना को अंजाम देने के तरीके से माना जा रहा है कि घटना को किसी घुमंतू गिरोह ने अंजाम दिया है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें