जलालाबाद क्षेत्र के गांव करनापुर के ग्रामीणों ने श्रवण के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को एसपी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के मुताबिक श्रवण की हत्या फिरौती न मिलने के कारण से की गई। पुलिस आरोपियों को बचाने के प्रयास में लगी है। प्रदर्शन में कई महिलाओं की हालत बिगड़ गई। कार्रवाई का आश्वासन मिलने ग्रामीण शांत हुए। जलालाबाद इंस्पेक्टर शक्ति सिंह तोमर के मुताबिक मामले को अपहरण की धारा के साथ-साथ हत्या की धारा में मुकदमा तरमीम कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
श्रवण कुमार के पिता कल्लू 60-70 ग्रामीणों के साथ रविवार की दोपहर 12 बजे एसपी कार्यालय पहुंच गए। उनके साथ कई महिलाएं भी मौजूद थीं। ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय परिसर में पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। रविवार होेने के बजे से कार्यालय में कोई अधिकारी नहीं मौजूद थे। एसपी पुलिस लाइंस में थानेदारों की मीटिंग ले रहे थे। ग्रामीणों की उग्रता देखकर एसपी कार्यालय में थाना सदर बाजार पुलिस और जलालाबाद पुलिस को बुलाया गया। प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ीं। ग्रामीणों की पुलिस ने जमकर नोकझोेंक हुई। ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता देखकर अतिरिक्त पुलिस बुलानी पड़ी। किसी तरह थाना सदर बाजार पुलिस और जलालाबाद पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का प्रशासन देकर मामले को शांत किया।
कल्लू ने पुलिस कार्यालय में दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि 12 फरवरी को सुबह आठ बजे उनका बेटा श्रवण कौशल विकास केंद्र जलालाबाद में जाने के लिए घर से कहकर निकला। जब वह देर शाम तक श्रवण वापस नहीं आया तो इसकी सूचना थाने में दी। अगले दिन रात करीब नौ बजे के आसपास कल्लू के मोबाइल पर एक फोन आया, जिसमें उधर से बोलने वाले व्यक्ति ने कहा कि अगर अपने बेटे की जिंदगी चाहते हो तो 10 लाख रुपये का इंतजाम कर लो। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि रुपये कहां भेजना है कि बाद में बताऊंगा। मामले की शिकायत करने पर पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर लिया। पुलिस ने फोन करने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया था। उससे पूछताछ में तीन लोगों के नाम और सामने आए थे। पुलिस ने राजनीतिक दबाव के चलते आरोपी को थाने से छोड़ दिया। पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपियों ने श्रवण की हत्या करके शव फेंक दिया गया। शनिवार को कपड़ों और जूतों और फोटो के आधार पर श्रवण की शिनाख्त की गई थी। इस मामले में इंस्पेक्टर शक्ति सिंह तोमर ने बताया कि मामले में हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। इस मामले में राहुल और पंकज नाम के दो व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं, उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।