सात साल से अदालत से फरार और चार जिलों में कई मामलों में वांछित चल रहे हरदोई के शातिर बदमाश भवानी सिंह को रोजा पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाश के पास असलहे और स्मैक बरामद हुई है। भवानी सिंह पुत्र भयन्ना सिंह निवासी रबी मझिला जिला हरदोई के खिलाफ पीलीभीत के सुनगढ़ी कोतवाली, पीलीभीत-शाहजहांपुर के आरसी मिशन कोतवाली और रोजा थाने के अलावा लखीमपुर और हरदोई जिलों के थाने में चोरी, लूट के कई मामले दर्ज हैं। इन चारों जिलों की अदालतों से भवानी सिंह वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ गिरफ्तारी आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। पुलिस द्वारा भवानी सिंह की गिरफ्तारी न होने पर प्रथम अपर जिला जज प्रवीण कुमार ने एसपी और सीओ तक को फटकार सुनाई थी। रविवार की सुबह प्रभारी निरीक्षक कमरुल हसन खां को सूचना मिली कि भवानी सिंह रोजा थाना क्षेत्र के जलालनगर तिराहे के पास कहीं भागने अथवा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। पकड़े गए भवानी सिंह के पास से एक तमंचा, पांच कारतूस व आठ ग्राम स्मैक की पुड़िया बरामद हुई हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि न्यायालय से आए वारंटों की तामीली कराकर आरोपी भवानी सिंह को जेल भेजा गया है।