खुटार थाने के एक चर्चित सिपाही ने अगवा लड़की को बरामद करने आई महाराजगंज पुलिस का सहयोग नहीं किया। इससे पुलिस को वापस लौटना पड़ा। यही नहीं सिपाही ने महाराजगंज पुलिस के साथ आई अगवा लड़की की मां और भाई से भी अभद्रता की। भाई की पिटाई भी कर दी। खुटार के एक गांव का युवक कंबाइन चलाता है। दिसंबर में वह कंबाइन से धान काटने फैजाबाद के महाराजगंज थाना क्षेत्र में गया था। धान की कटाई के दौरान उसे एक किसान की लड़की का मोबाइल नंबर मिल गया। धीरे-धीरे दोनों में बात होने लगी। ड्राइवर जब घर लौटा तो लड़की को अपने साथ ले आया। लड़की के पिता ने महाराजगंज थाने में 19 दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज करा दी।
बाद में लड़की के पिता को लड़की के खुटार में होने की जानकारी मिली तो वह महाराजगंज थाने से एक दरोगा और सिपाही के साथ खुटार आया। पुलिस के साथ लड़की की मां और भाई भी थे। खुटार थाने का एक चर्चित सिपाही महाराजगंज पुलिस के आने की जानकारी पाकर कंबाइन चालक के घर पहुंचा और उससे साठगांठ कर ली। इसके बाद महाराजगंज पुलिस चालक के यहां पहुंची तो लड़की ने घर जाने से साफ इंकार कर दिया। मां और भाई ने रोते हुए लड़की से घर चलने को कहा तो सिपाही ने लड़की की मां से गालीगलौज शुरू कर दी और भाई को पीट दिया। महाराजगंज पुलिस खुटार के सिपाही के व्यवहार से स्तब्ध रह गई। दरोगा ने कहा कि उसने इस तरह का सिपाही अपने जीवन में नहीं देखा है। दरोगा ने आसपास के लोगों से मदद की अपील की, लेकिन सिपाही के भय से किसी ने भी पुलिस की मदद नहीं की। इसके बाद महाराजगंज पुलिस लौट गई। खुटार एसओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि लड़की जाने को तैयार नहीं थी, इस कारण महाराजगंज पुलिस लौट गई है। किसी ने भी सिपाही पर आरोप नहीं लगाया है।