थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला गदियाना में आसाराम प्रकरण में मारे गए गवाह कृपाल के बंद घर में बुधवार की रात कुछ अज्ञात लोग घुस आए। चोर कृपाल के कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर रखे उनके जैकेट, शूट और मुकदमे संबंधी दस्तावेज अपने साथ ले गए। चोरी की शक्ल देने के लिए चोर अपने साथ एक रसोई गैस सिलेंडर भी ले गए हैं। चोरों ने कमरे में रखे किसी भी कीमती सामान को हाथ नहीं लगाया। चोरी के वक्त कृपाल की गर्भवती पत्नी मायके में थी। चोरी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है। तफ्तीश के लिए बुलाया गया खोजी कुत्ता कृपाल के घर में सूंघने के बाद पड़ोसी के घर में दो बार घुसा। पुलिस ने पड़ोसी के दो बेटों को हिरासत में ले लिया है।
आसाराम प्रकरण में बिटिया पक्ष के अहम् गवाह कृपाल सिंह की 10 जुलाई की रात कैंट इलाके में तिराहे के पास गोली मार दी गई थी। गोली उनके पीठ में लगी थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से बरेली के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। अगले दिन कृपाल सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। कृपाल हत्या में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। कृपाल का दसवां और तेहरवीं संस्कार निपटाने के बाद उनकी पत्नी नीरज घर में ताला डालकर बेटे के साथ अपने मोहल्ला सिंजई में अपने पिता शिवपाल सिंह के घर चली गई थीं। उनके घर जाने के बाद पुलिस कुछ दिनों तक कृपाल के घर की रखवाली करती रही। उसके बाद वहां से पुलिस का पहरा हटा दिया गया। नीरज के पिता कभी-कभी उसके मकान को देखने चले आते थे। बृहस्पतिवार को नीरज के राशन कोटे का सामान और बिजली का बिल जमा करने के लिए शिवराज कृपाल के घर आए। मकान का मुख्य दरवाजा खोलने के बाद अंदर देखा तो कमरे की खिड़की टूटी हुई थी। उन्होंने चोरी होने की सूचना नीरज और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नीरज अपनी बहन सोनी के साथ घर पर पहुंच गई। कृपाल के घर में चोरी की खबर लगते ही सदर बाजार पुलिस भी मौके पर आ गई। चोरों ने दोनों कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़ दी थी। कमरे के अंदर सारा सामान ठीक ढंग से रखा हुआ था। नीरज ने कमरे में रखा बक्सा खोलकर देखा तो उसमें से कृपाल का जैकेट और एक सूट गायब था। कमरे में अंदर रखे बेड की रैक में कृपाल के कुछ जरूरी कागजात रखे हुए थे जो कि अब गायब हैं। चोर मात्र एक रसोई गैस सिलेंडर ही चोरी करके ले गए हैं।
आखिर चोरों का मकसद क्या था
चोरों ने घर में रखे कीमती सामान टीवी, फ्रिज, कूलर, डीवीडी, नीरज और बच्चे के कीमती कपड़ों को हाथ नहीं लगाया। वह मात्र कृपाल के जैकेट और सूट ले गए। नीरज को यह नहीं पता कि कृपाल ने कौन से महत्वपूर्ण कागजात बेड की रैक में रखे थे। हो सकता है कि आसाराम केस से जुड़े कागजात ही कृपाल ने रैक में रखे हों, लेकिन इसकी जानकारी नीरज को नहीं है।
पड़ोसी के घर दो बार गया खोजी कुत्ता
चोरी के घटना के बाद तफ्तीश करने पहुंची डॉग स्क्वॉयड की टीम ने छानबीन शुरू की तो खोजी कुत्ता घटना स्थल पर सूंघने के बाद पड़ोसी श्यामाचरण के घर दो बार घुसा। सदर बाजार पुलिस पूछताछ के लिए श्यामाचरण के बेटे रामरतन और प्रकाश को अपने साथ थाने ले आई।
चोर घर में रखा दूसरा कीमती सामान चुरा कर नहीं ले गए हैं। सिर्फ कृपाल के कपड़े और कागजात चोरी होना तफ्तीश का विषय है। इसी जांच पड़ताल की जा रही है।
- जेपी तिवारी, इंस्पेक्टर थाना सदर बाजार