सतलोक आश्रम गए पुवायां के हरिओम और गांव धर्मंगदपुर के जसवीर सिंह और खुटार के गांव सरेली निवासी विजय हरियाणा की जेल में बंद हैं। आश्रम विवाद के दो माह बाद भी उन्हें जमानत नहीं मिल सकी है। इसके अलावा और भी लोग हरियाणा की जेल में हैं।
गौरतलब है कि नगर के मोहल्ला आजादनगर का हरिओम, पुवायां के पतिराखन, पूरनलाल, रोशनलाल और गांव धर्मंगदपुर के जसवीर सिंह के साथ दो नवंबर को हरियाणा में रामपाल के सतलोक आश्रम गए था। पूरनलाल और पतिराखन और रोशनलाल विवाद होने के बाद वापस लौट आए, लेकिन हरिओम, जसवीर सिंह और विजय सहित कई लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया और जेल भेज दिया।
जसवीर सिंह अपने पिता हरजीत सिंह, मां कुलविंदर कौर, भाई करमजीत सिंह के साथ रहकर खेती बाड़ी का कार्य करता था। हरजीत सिंह ने बताया कि वह अपने पुत्र को जेल से छुड़ाने के लिए भाग दौड़ कर रहे हैं। पुलिस के चार्जशीट दाखिल नहीं करने के कारण जमानत में देर हो रही है। उन्होंने बताया कि खुटार का विजय भी जेल में है। विजय के पिता बाबूराम ने बताया कि उन्हें बेटे के बारे में कोई जानकारी ही नहीं मिल रही है।
जेल वालों ने नहीं करने दी मुलाकात
पुवायां। हरिओम की मां दुर्गा किशोरी के अनुसार वह हिसार गई तो पुलिस ने लिस्ट देखकर बताया कि उनके पुत्र को जेल भेजा गया है। जेल जाने पर अधिकारियों ने पुत्र से मुलाकात नहीं करने दी। इससे वह काफी परेशान हैं।