हरदोई जिले में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की प्लानिंग यहां आरसी मिशन थाना क्षेत्र के एक ढाबे पर बनती थी। यहां के संचालक को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हरदोई की हरियावा थाना पुलिस के हत्थे चढ़े एक बदमाश की बाइक भी बरामद कर ली है। दो दिन पहले थाना हरियावा क्षेत्र के एक गांव में बदमाश लूट के उद्देश्य से गए थे। यहां ग्रामीणों व पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को पकड़ लिया था। उन बदमाशों ने पुलिस को बताया कि रोजा और आरसी मिशन क्षेत्र के राजमार्ग स्थित एक ढाबे पर शुक्रवार की रात लूट की योजना बनाई गई थी। यहां बदमाशों ने अपनी एक बाइक खड़ी कर दी थी और दूसरे वाहन से वारदात को अंजाम देने निकल पड़े थे। पकड़े गये बदमाशों की सूचना पर रोजा पुलिस ने रविवार सुबह ढाबे पर खड़ी बदमाश की बाइक को बरामद कर लिया। ढाबे के संचालक को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है। हालांकि पूछताछ में यह साफ नहीं हो पाया है कि ढाबा संचालक की हरदोई में हुई घटना में कोई भूमिका है या नहीं।