न्यायालय के आदेश पर गांव गाजीपुर चिकटिया निवासी कृष्णपाल सिंह ने 23 लाख रुपये लेकर भागने वाली साईं समृद्धि रियल स्टेट लिमिटेड के सीएमडी बंटू यादव सहित पांच के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि पीलीभीत जिले के थाना सुनगढ़ी अंतर्गत गांव रूपपुर कमालू निवासी बंटू सिंह यादव ने खुद को र्साइं समृद्धि रियल स्टेट लिमिटेड का सीएमडी बताते हुए वर्ष 2013 में मिर्जापुर में किराए के भवन में आफिस खोला था। इस आफिस में उत्तराखंड के उधमसिंह जिले के खटीमा कस्बे की संगीता बिष्ट पुत्री प्रेमसिंह, सुनगढी जिला पीलीभीत के नोनीराम पुत्र सेवाराम,अजय कुमार व अनिल मिश्र पुत्र प्रेमनारायन बरेली के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव बखसरिया ने विभिन्न पदों पर काम करते हुए दिसम्बर 2013 से मई 2014 तक बचत खाते में जमा धनराशि पर दस फीसदी ब्याज दर तथा सावधि खाते में पांच वर्ष में धन दुगुना करने का वायदा करके करीब 23 लाख रुपये जमा करवाये थे।
जमा धन की परिपक्वता अवधि पर उक्त कंपनी के सीएमडी ने पीलीभीत की दो बैंकों चेक दे दिए। इन बैंकों से चेकों का भुगतान मांगने पर सभी चेक बाउंस हो गए। पीड़ित कृष्णपाल सिंह का कहना है कि उसने कथित कंपनी के कर्मचारियों और सीएमडी बताने वाला बंटू सिंह यादव सेे भुगतान देने की बात कही,तो बंटू यादव ने उसे धमकी दी। परेशान होकर उसने इन लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने को थाना पुलिस से लेकर उच्चाधिकारियों तक शिकायत की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। मजबूरन न्यायालय की शरण में जाना पड़ा।