पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव बिहारीपुर कुमरखा के पूर्व प्रधान अरविंद कुमार से दिउरिया जंगल में लूटी गई बाइक बंडा के गांव भांवी में एक झाले से बरामद कर ली गई है। पुलिस ने झाला स्वामी के पुत्र औैर पौत्र को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बीसलपुर के गांव बिहारीपुर कुमरखा के अरविंद कुमार अपने ट्रैक्टर चालक धर्मेंद्र के साथ सात फरवरी को किसी काम से पूरनपुर गए थे। वापस घर जाते समय दिउरिया जंगल में दो सशस्त्र बदमाशों ने उन्हें रोककर बाइक और 24 सौ रुपये लूट लिए। अरविंद ने दिउरिया कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अरविंद ने खुद ही बाइक का पता लगाना शुरू कर दिया। पता चला कि बाइक बंडा के गांव भांवी में एक झाले पर खड़ी है। अरविंद की सूचना पर बिलसंडा और बंडा की पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक बरामद कर ली। बिलसंडा पुलिस झाला स्वामी के पुत्र और पौत्र को साथ ले गई। दिउरिया कोतवाली प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि बाइक लूट की तहरीर नहीं दी गई थी। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बिलसंडा एसओ विवेक त्रिवेदी ने बताया कि सूचना के आधार पर बाइक बरामद कर ली गई है। दो लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है। उधर, झाला स्वामी दिलीप सिंह की पुत्रवधू चरनजीत कौर ने बताया कि बाइक भांवी पुल के पास पड़ी मिली थी, जिसे परिवार के लोग घर ले आए थे। पुलिस उनके यहां से नगदी, जेवर और बाइक ले गई है। उनके देवर सहित दो लोगों को थाने ले जाया गया है। उन लोगों को बेवजह फंसाया जा रहा है।