पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा और रस्सी बरामद की
थाना कांट क्षेत्र के गांव रमापुर पश्चिमी में पांच दिन पहले हुए धर्मेंद्र कुमार उर्फ रंधावा हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए उसके सौतेले पिता दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा और रस्सी भी बरामद की है।
इंस्पेक्टर अजीत रोरिया ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि रंधावा अपने सौतेले पिता दिलीप के साथ नहीं रहता था। वह दिल्ली, हरियाणा आदि प्रदेशों में जाकर मजदूरी करता था। साल-छह महीने मेें ही घर लौटता था। इस बार जब वह घर लौटा तो उसके पास 40-45 हजार रुपये थे। रंधावा से यह रकम उसके सौतेले पिता दिलीप ने ले ली थी। 26 दिसंबर से पहले वह वापस दिल्ली जाना चाहता था, इसीलिए उसने रुपये मांगे थे। पिता ने रुपये देने से मना कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना से दो दिन पहले उसने लगातार शराब पी थी और पिता से झगड़ा किया था। इसके बाद दिलीप ने मंदिर के पास ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या में उसने डंडा और एक रस्सी का प्रयोग किया। पुलिस ने दिलीप को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर रस्सी और डंडा भी बरामद कर लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि उसे जेल भेजा जा रहा है।