रिलायंस के रोजा पावर प्लांट से रविवार रात चोरी हुआ रेडियोग्राफी कैमरा मंगलवार दोपहर प्लांट से करीब एक किलोमीटर दूर ग्वारी गांव के पास एक खेत में पड़ा मिल गया। प्लांट के अधिकारियों के मुताबिक कैमरे से किसी तरह की छेड़खानी नहीं की गई है। कैमरे के अंदर जांच में सहायक रेडियो एक्टिव एलीमेंट होते हैं। इससे छेड़खानी करने पर दस मीटर के दायरे में आने वालों लोगों की आंखों की रोशनी जाने, कैंसर, ल्यूकेमिया जैसी घातक बीमारियों का खतरा हो सकता था। ऐसी खतरनाक चीज को चुराना क्या क्या उद्देश्य हो सकता है, इसकी छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्लांट पर तैनात सिक्योरिटी के किसी आदमी की मदद और मिलीभगत के बगैर कैमरा चोरी नहीं किया जा सकता है। प्लांट के अधिकारी भी घटना में सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत की आशंका से इन्कार नहीं कर रहे हैं। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। दोषी पाए जाने वाले कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि रविवार को प्लांट की चार नंबर यूनिट की ओवरहालिंग के दौरान यूनिट के कर्मचारी रेडियोग्राफी कैमरा देखने आए थे। तभी उन्हें कैमरा गायब मिला। सोमवार को प्लांट के सिक्योरिटी अफसर वीके मिश्रा की तरफ से थाना आरसी मिशन में कैमरा चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया था। इसके बाद प्लांट के आसपास के गांवों में तलाशी अभियान के साथ-साथ ग्रामीणों को आगाह किया गया था।
आरसी मिशन थाने के इंस्पेक्टर नरेंद्र देव पाठक के मुताबिक अब तक हुई जांच से सामने आया है कि 40 किलोग्राम वजन वाला कैमरा जहां लगा था, उससे 25 कदम दूर सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है। कैमरा जमीन के अंदर लोहे के बाक्स में लगा हुआ। ऊपर से लगे लोहे के ढक्कन पर बड़ा ताला लगा हुआ है और सुरक्षा कर्मी यहां लगातार चहल कदमी करते रहते हैं। ऐसे में उन्हें ताला टूटने की भनक न लगना संदेहास्पद है। भारी-भरकम कैमरा को अकेला आदमी प्लांट के बाहर नहीं ले जा सकता है। कैमरे के बाहर निकलने में प्लांट के मेन गेट पर भी सुरक्षा कर्मियाें से चूक हुई है। प्लांट की सुरक्षा में एक सिक्योरिटी मैनेजर के अधीन चार सिक्योरिटी अधिकारी और 100 सुरक्षा कर्मी रहते हैैं।
‘रेडियोग्राफी कैमरा से प्रेशर पाइप लाइन की वेल्डिंग की जांच की जाती है। इसकी मदद से प्रेशर पाइप में खराबी का पता लग जाता है। इसके जरिए जांच करने के बाद ही यूनिट शुरू की जाती है।’
- एनके परमेश्वरम्, स्टेशन डायरेक्टर, रिलायंस पावर प्लांट
‘प्लांट से चोरी रेडियोग्राफी कैमरा ग्वारी गांव के पास खेत से बरामद हो गया लेकिन इस चोरी में संलिप्त लोगों की पुख्ता शिनाख्त के लिए जांच की जा रही है। कैमरा चुराने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
- आरपीएस यादव, एसपी