डकैती की घटनाओं की पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
क्षेत्र के दो गांवों के तीन घरों में पड़ी आठ लाख की डकैती की घटनाओं में रविवार देर शाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लेकिन घटना के दूसरे दिन पुलिस बदमाशों के बारे में कोई सुराग हासिल नहीं कर सकी है। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
बता दें कि गांव सैदापुर डावचाट में शनिवार रात वासुदेव शुक्ला के घर में नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर परिवार के लोगों को बांधने के बाद नकदी और जेवर सहित छह लाख रुपये का माल लूट ले गए थे। इसके बाद बदमाशों ने इनके पड़ोसी रामवीर यादव के घर धाबा बोलकर नकदी जेवर सहित सवा लाख का माल लूटने के साथ ही लाइसेंसी बंदूक भी ले गए थे। बदमाशों ने पास के ही गांव पड़रिया दलेलपुर में राजेश तिवारी के घर भी धाबा बोलकर परिवार के लोगों को बंधक बनाने के बाद यहां से भी एक लाख रूपए के जेवर आदि लूट ले गए थे। बंडा पुलिस ने रात में ही मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका था। रामवीर यादव के घर से लूटी गई बंदूक पड़रिया दलेलपुर में स्कूल के पास पड़ी हुई मिली थी। पुलिस ने रविवार देर शाम डकैती की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसपी देहात रमेश भारतीय ने रविवार को ही मौका मुआयना करने के बाद क्राइमब्रांच और बंडा पुलिस की टीमें बनाकर बदमाशों को पकड़कर घटनाओं का खुलासा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन पुलिस की टीमों को बदमाशों के बारे में दूसरे दिन कोई कोई क्लू मिलने में सफलता नहीं मिल सकी। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पहले भी तमाम घटनाएं हो चुकी है, लेकिन पुलिस की लापरवाही के कारण बदमाशों के हौंसले बुलंद है और आए दिन वारदातों को अंजाम देकर आराम से भाग जाते हैं।
आईजी ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए
बरेली। आईजी बरेली रेंज विजय सिंह मीणा ने शाहजहांपुर के बंडा में शनिवार की रात दो गांवों के तीन घरों में पड़े आठ लाख रुपये के डाका का जल्द खुलासा करने को कहा है। उन्होंने शाहजहांपुर के एसपी और एसपी देहात को इस संबंधी जरूरी निर्देश दिए हैं।