जिला कारागार से पेशी पर जौनपुर भेजा गया शातिर अपराधी पुलिस अभिरक्षा से मंगलवार सुबह सुल्तानपुर में आउटर के पास ट्रेन से कूद कर भाग गया। इस मामले में एसपी ने तीन सिपाहियों को लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया है। तीनों के खिलाफ सुल्तानपुर जीआरपी में मामला दर्ज किया गया है।
बनारस निवासी वीरेंद्र कुमार के खिलाफ लूट आदि के कई मामले दर्ज हैं। उसे बनारस से प्रशासनिक आदेश पर सितंबर 2016 में यहां जिला कारागार में शिफ्ट किया गया था। उसकी जौनपुर में मंगलवार को गैंगस्टर के मामले में कोर्ट में पेशी थी। इसलिए उसे पुलिस अभिरक्षा में सिपाही मित्रपाल, गिरीश कुमार, नरेंद्र कुमार के साथ जिला कारागार से सोमवार रात आठ बजे जौनपुर के लिए भेजा गया था। हिमगिरी ट्रेन से सिपाही उसे लेकर जा रहे थे। मंगलवार सुबह लगभग सात बजे ट्रेन जब सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर आउटर के पास पहुंची, तभी उसने पेशाब करने की बात कही। इस पर सिपाहियोें ने उसे गेट की तरफ बने शौचालय की ओर जाने की छूट दे दी। शौचालय की तरफ बढ़ते ही वह तेजी के साथ गेट की तरफ बढ़ा और धीमी हो रही ट्रेन से कूद गया। उसके कूदते ही सिपाही सकते में आ गए। उन लोगों ने चेनपुलिंग करने के बाद बंदी वीरेंद्र का पीछा किया, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद सिपाहियों ने पुलिस लाइंस के प्रतिसार निरीक्षक गुलफाम सिंह को मामले की जानकारी। इस पर आरआई ने एएसपी ग्रामीण रमेश भारतीय और एसपी केबी सिंह को जानकारी दी। एसपी केबी सिंंह ने तीनों सिपाहियों को लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
वर्जन-
पुलिस अभिरक्षा में बंदी भागा है, इसलिए तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। सूबेदार विष्णु प्रकाश की ओर से तीनों सिपाहियों के खिलाफ सुल्तानपुर जीआरपी में मामला भी दर्ज कराया गया है।
- रमेश कुमार भारतीय, एएसपी ग्रामीण
वर्जन-
जेल से बंदी वीरेंद्र को सोमवार रात 8 बजे पुलिस अभिरक्षा में जौनपुर पेशी पर ले जाने के लिए भेजा था सुल्तानपुर के पास ट्रेन से कूदकर भाग जाने की जानकारी मिली है। इस पर एसपी को सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है।
- बृजेंद्र सिंह, जेल अधीक्षक