क्राइम ब्रांच और तिलहर पुलिस ने बृहस्पतिवार को लूट, डकैती और चोरी करने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने छह लुटेरोें को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी गई पांच बाइक, नगदी, जेवर और तीन तमंचे व पांच कारतूस बरामद हुए हैं। लुटेरों ने 10 से अधिक लूट, डकैती और चोरी की वारदात कबूल की हैं। एसपी ने बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। एसपी कार्यालय के सभागार में हुई प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि 24 अप्रैल 2016 को तिलहर क्षेत्र में कपसेड़ा गांव से मेला देखकर लौट रहे रजनीश सिंह निवासी गांव ढकिया शोभा से बदमाशों ने असलहों के दम पर मारपीट कर नगदी और बाइक लूट ली थी। इसी दिन बदमाशों ने यहां दो बाइक और लूटी थीं। मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद विवेचना शुरू की गई। इसके खुलासे के लिए तिलहर पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को क्राइम ब्रांच और तिलहर पुलिस ने गांव ढकिया शोभा के जंगल में मुठभेड़ के दौरान छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके तीन साथी भागने में कामयाब रहे। पकड़े गए बदमाशों में सिंधौली के गांव काजीपुर निवासी गैंग का सरगना रंगीले, इसी क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी नरदीप उर्फ लड्डन, इसी गांव का विमल कुमार, विजयवीर सिंह जाबिर उर्फ नाबिर और थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला छोटा ककरा निवासी कबी उर्फ कौआ हैं। फरार होने वाले बदमाशों में सिंधौली के गांव दौलतपुर निवासी पंकज, शानू और बुधने हैं। गैंग के सरगान रंगीले के खिलाफ 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बाकी बदमाशों की क्राइम हिस्ट्री निकाली जा रही है।
0000000000