थाना सदर बाजार क्षेत्र में प्रोफेसर कॉलोनी के तिराहा पर शनिवार की पुरानी रंजिश में कुछ लोगों ने एक युवक को लहूलुहान कर दिया। आरोप है हमलावरों ने उसकी जेब से चार हजार रुपये भी निकाल लिए। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले थाना सदर बाजार में तहरीर दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। मोहल्ला सुभाषनगर निवासी अमित कुमार रात करीब दस बजे पैदल अपनी मां के लिए जूस लेने जा रहे थे, तभी प्रोफेसर कॉलोनी तिराहा के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने डंडों और तमंचे की बट से अमित की जमकर पिटाई कर दी। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गए। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पुलिस पहुंच गई। अमित का आरोप है कि हमलावरों ने उसकी जेब चार हजार रुपये भी निकाल लिए। पुलिस ने हमलावरों को तलाश किया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। पुलिस के द्वारा रिपोर्ट नहीं लिखे जाने से पीड़ित पक्ष सहमा हुआ हैै।