- होश में आने पर रहमान ने खोला राज
होश में आने के बाद रहमान मंसूरी ने परिवार के लोगों को अगवा किए जाने के मामले की जानकारी दी है। रहमान अगवा करने वाले लोगों को पहचान नहीं सका है।
नगर के मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी उसमान मंसूरी का 13 वर्षीय पुत्र रहमान मंसूरी पांच मार्च की दोपहर घर से खेलने की बात कहकर गया था। देर शाम तक वह वापस नहीं लौैटा था। रहमान के साथ खेलने गए मोहल्ले के ही उसके दो साथियों ने उसमान को बताया था कि दो लोग रहमान को पकड़ कर ले गए हैं। इसके बाद उसमान ने पुलिस को तहरीर देकर पुत्र का पता लगवाए जाने की मांग की थी।
मंगलवार सुबह जानकारी मिली कि रहमान अपने रिश्ते के नाना तिलहर के मोहल्ला बहदुल्लागंज निवासी पुत्तन के यहां है। सूचना पाकर उसमान सहित परिवार के लोग तिलहर पहुंचे। पुत्तन ने बताया कि रहमान रात भर बेहोशी की हालत में तिलहर के एलबीजेपी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पड़ा रहा। सुबह जानकारी पाकर वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने उसमान को पहचाना और घर ले लाए थे। बुधवार को पूरी तरह से होश में आने के बाद रहमान ने बताया कि खेलते समय उसे दो लोगों ने पकड़कर नशा सुंघा दिया था, इसके बाद उसे कुछ कुछ होश आया तो वह नाना के यहां था। रहमान के अनुसार नशा देने वालों को वह पहचान नहीं सका है। कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।