तीमारदार ने कंपाउंडर पर ताना पिस्टल
अंटा रोड स्थित शेखर नर्सिंग होम में बृहस्पतिवार को एक मरीज के तीमारदार ने कंपाउंडर (औषध संयोजक) पर पिस्टल तान दिया। अचानक हुई घटना से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। अस्पताल के कर्मचारियों ने पिस्टल दिखाने वाले युवक को कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी। इसी बीच उसके साथी ने दरवाजा खोल दिया। पिस्टल दिखाने वाला युवक भाग गया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। घटना की खबर सुनकर शहर के कई डॉक्टर अस्पताल पहुंचे, घटना को लेकर डॉक्टरों में आक्रोश है।
रोजा की लोक बिहार कॉलोनी में रहने वाले देवेंद्र अगिभनहोत्री की पत्नी संध्या सिंधौली क्षेत्र के गांव रक्शा के प्राथमिक स्कूल में शिक्षिका हैं। दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने के बाद देवेंद्र बाइक से संध्या को स्कूल से लेकर आ रहे थे। रास्ते में गांव मछेछा के पास देवेंद्र की तबीयत खराब होने लगी। उन्होंने जैसे ही बाइक खड़ी की, वैसे ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। संध्या ने अपने स्कूल के शिक्षक दिपेंद्र कुमार की मदद से देवेंद्र को शेखर नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
आईएमए के अध्यक्ष और अस्पताल के संचालक डॉ. सोम शेखर दीक्षित के मुताबिक मरीज के आते ही उसका इलाज शुरू हो गया। वह मरीज को देखने के बाद अपने चैंबर में चले गए। इसी बीच मरीज को देखने आए एक तीमारदार ने अस्पताल के कंपाउंडर जयवीर पर पिस्टल तान दी। जयवीर ने शोर मचा दिया। इसी बीच उन्होंने मरीज के कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी और कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मरीज को भर्ती कराने वाले दिपेंद्र ने कमरे की कुंडी खोल दी, जिससे पिस्टल दिखाने वाला युवक भाग गया। खबर मिलते ही कोतवाली एसएसआई जसवीर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों से पूछताछ की। पिस्टल तानने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी ली। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में आईएमए से जुड़े डॉक्टरों की भीड़ लग गई। अस्पताल के कर्मचारी के साथ हुई घटना से डॉक्टरों में काफी आक्रोश है।
इंस्पेक्टर कोतवाली आरएन चौधरी ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।