शुक्रवार रात गांव मीरपुर के रीतेश कुमार की 20 वर्षीय पत्नी जुगलू उर्फ परवीन की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मां उर्मिला देवी ने चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खीरी जनपद के थाना मैलानी के ग्राम ऊंचागांव निवासी रामसरन की पत्नी उर्मिला देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी पुत्री परवीन की शादी 22 अप्रैल 15 को पुवायां के गांव मीरपुर निवासी कालीचरन के पुत्र रीतेश के साथ की थी। शादी में उसने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था, लेकिन पुत्री के ससुराली दहेज से संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाद ससुराल पहुंची पुत्री को कम दहेज का ताना देकर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। परवीन पहली विदा में घर गई तो उसने घर के लोगों को पूरे मामले की जानकारी दी।
शुक्रवार को रीतेश ससुराल गया और परवीन को विदा कराकर ले गया। रात में परवीन की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। रीतेश ने रात में ही सास को फोन कर बताया कि परवीन ने जहर खा लिया है, जिससे उसकी मौत हो गई है। उर्मिला देवी का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के चलते परवीन को जहर देकर मार दिया गया है। पुलिस ने मृतका के पति रीतेश, ससुर कालीचरन, सास सुनीता देवी, ननद फूलमती के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।