क्षेत्र के गांव पड़ना सिकंदरपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की लाश मिली है। मृतक की पत्नी ने गांव के छह लोगों पर उसको पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस युवक की मौत को जहरीला पदार्थ खाने से होना मान रही है।
शनिवार की सुबह रोजा थाना क्षेत्र के पड़ना सिकंदरपुर गांव के चौकीदार पातीराम ने पुलिस को बताया कि गांव में 22 वर्षीय जगतपाल सिंह का शव उसके घर के बाहर पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर गई तो लाश के पास ही खेतों में डालने वाली कीटनाशक दवा की खाली शीशी पड़ी थी। जहरीला पदार्थ खाने से उसकी मौत की संभावना को देखते हुए पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया है।
उधर, मृतक की पत्नी अर्चना ने पुलिस को बताया कि उसके जेठ की जमीन गांव के दबंग लोगों ने खरीद ली है और उसके पति की जमीन पर कब्जा करना चाह रहे थे। उसके पति जगतपाल ने जमीन बेची थी, उसका 50 हजार रुपये उनके पास था।
अर्चना का आरोप है कि गांव के आधा दर्जन दबंग शुक्रवार की सुबह से ही उसके पति को शराब पिलाने लगे। नशे में होने के बाद जगतपाल को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया, जिसकी दवा लेने के लिए वह रोजा बाजार गई थी। पीछे से सूचना मिली कि उसके पति की मौत हो गई और लाश घर के दरवाजे पर पड़ी है।
अर्चना का आरोप है कि वह शुक्रवार को थाने जाने का प्रयास करती रही, लेकिन आरोपियों ने थाने जाने नहीं दिया। सुबह जब वह थाने गई तो उसके जाने से पहले ही चौकीदार की तरफ से पुलिस ने सूचना दर्ज कर ली। आरोप है कि उसके पति के 50 हजार लूट कर उसकी हत्या कर दी गई। उसने पुलिस को छह लोगों के खिलाफ तहरीर भी दी है, लेकिन पुलिस ने उसकी तहरीर पर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
प्रभारी निरीक्षक आरएन चौधरी ने बताया कि इस मामले में मृतक जगतपाल की मौत कीटनाशक दवा का सेवन करने से होना प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई संभव है।