जंगल में पेड़ से लटका मिला अधेड़ महिला का शव
थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव चिनौर निवासी चंदा शाह की पत्नी 50 वर्षीय फिरोजी का शव बृहस्पतिवार की दोपहर गांव के बाहर जंगल में बबूल के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव चिनौर निवासी चंदा शाह ई-रिक्शा चलाते हैं। वह सुबह रिक्शा चलाने के लिए घर से निकल गए। दिन में 11 बजे उनकी पत्नी फिरोजी अपने बेटे हारून की पत्नी शकीना से यह कहकर घर से निकली की वह गांव में जा रही हैं। दोपहर करीब दो बजे फिरोजी का शव गांव के बाहर जंगल में लगे बबूल के पेड़ से लटकते हुए ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना उनके परिवार वालों को दी। फिरोजी ने रस्सी से फांसी लगाई थी। मृतका के पैर जमीन को छू रहे थे और दुपट्टा पेड़ की डाल पर रखा हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे हारून के मुताबिक उसकी मां बेचैनी की बीमारी से परेशान रहती थी। वह अक्सर घर से उठकर चल देती थीं। उन्हें गांव में तलाश करना पड़ता था। उनका काफी सालों से निजी चिकित्सकों के पास इलाज चल रहा था। हारून के अलावा उसका बड़ा भाई मोबीन, उससे छोटा आमीन है। दो बहनें कबरूना और राजवानो हैं। सभी की शादी हो चुकी है। इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।