योगी सरकार के निर्देश पर शुरू किए गए एंटी रोमियो अभियान के तहत यहां पब्लिक ही पुलिस की जगह एंटी रोमियो बन गई। पब्लिक ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के सामने ही उसका मुंडन कर दिया। मौके पर मौजूद एक सिपाही ने इसकी वीडियो क्लिपिंग भी बना डाली। वीडियो वायरल होने पर मचे हंगामे के बाद एसपी ने तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही चौकी इंचार्ज के खिलाफ जांच बैठा दी है।
मामला चौक कोतवाली की अजीजगंज चौकी क्षेत्र के साउथ सिटी का है। इस पॉश कॉलोनी में एक युवक को लड़की के साथ लोगों ने 22 मार्च को टहलते हुए देखा था। लोगों ने एंटी रोमियो के तहत उसे पकड़ लिया और पुलिस को भी बुला लिया। तीन पुलिस वाले मौके पर पहुंच गए। पब्लिक ने पुलिस की मौजूदगी में इस युवक का सिर घोट दिया।
मौके पर मौजूद सिपाही सुहेल अहमद, लईक अहमद और सोनपाल खडे़ होकर देखते रहे। कुछ करने के बजाए एक सिपाही वीडियो क्लिप बनाता रहा। वहीं कुछ लोगों ने इसकी तस्वीरें अपने मोबाइल में भी कैद कर लीं।
पता चला है कि जिस सिपाही ने क्लिप बनाई थी, उसी ने अपने परिचित को भेज दी। फिर यही क्लिप शहर के लोकल व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हो गई और फोटो भी। पुलिस की मौजूदगी में युवक के मुंडन किए जाने का मामला तूल पकड़ा।
एसपी केबी सिंह ने इसे संज्ञान में लेते हुए सीओ सिटी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव से जांच कराई। जांच में तीनों सिपाहियों को प्रथम दृष्टतया दोषी पाया गया। अजीजगंज चौकी इंचार्ज गुड्डू सिंह को घटना छिपाने का दोषी पाया गया। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने तीनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है जबकि चौकी इंचार्ज के खिलाफ जांच शुरू करा दी गई है।