आधा दर्जन बदमाशों ने अहमदपुर स्थित निजी कंपनी के टावर में धावा बोलकर चौकीदार को शस्त्रों के बल पर बंधक बनाकर करीब तीन लाख रुपये मूल्य की बैटरियां लूट ले गए। घटना की पुलिस जांच कर रही है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
आरसी मिशन थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में रेती हथौड़ा मार्ग पर मोबाइल कंपनी का टावर लगा है, जिसमें आशुतोष मिश्रा निवासी रौंतापुर थाना खुटार बतौर चौकीदार नियुक्त हैं। चौकीदार आशुतोष ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात करीब दो बजे आधा दर्जन बदमाश असलहे लेकर टावर कैंपस में घुस गए और उसको गन प्वाइंट पर ले लिया।
बदमाशों ने आशुतोष के हाथ-पैर बंाधकर एक कमरे में बंद कर दिया। एक बदमाश उसकी कनपटी पर तमंचा लगाए खड़ा रहा। बाकी बदमाश दूसरे कमरे में बने बैटरी बैंक में गए। यहां से करीब 24 बैटरियां निकाल ली। इसी बीच एक बदमाश ने मोबाइल से एक बोलेरो कार मंगवाई और लेकर रफूचक्कर हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद आशुतोष ने किसी तरह से अपने आपको बंधनमुक्त किया। सूचना कंपनी के तकनीशियन सुलेमान खां को दी। सूचना पर रोजा और आरसी मिशन की पुलिस भी पहुंची तथा बदमाशों की तलाश की। काबिंग के दौरान पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। इस घटना की तहरीर दी गई है, लेकिन अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
0000000000
रात में टावर कैंपस में करीब छह असलहाधारी बदमाश आए और असलहों के बल पर उसको बंधक बना लिया। 24 बैटरियां लूट ले गए, जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
आशुतोष मिश्रा, चौकीदार, मोबाइल टावर
000000000
घटना की जानकारी हमारे संज्ञान में है। कुछ बदमाश कटरा क्षेत्र में पकड़े गए हैं, जिनसे जानकारी ली जा रही है। पीड़ित पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोई तहरीर नहीं दी है। हम बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।
नरेंद्र पाठक, प्रभारी निरीक्षक,आरसी मिशन