बुधवार को दिन में गायब हुए युवक का बृहस्पतिवार को गांव से कई किमी दूर जंगल के किनारे खेत में शव पड़ा पाया गया। शरीर पर चोटों के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र के गांव सौंफरी निवासी 40 वर्षीय राजकुमार बुधवार को दिन में कहीं गया था। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। बृहस्पतिवार को दोपहर में पुलिस को जानकारी मिली कि गांव हिमंचलपुर में जंगल के किनारे खेत में एक शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। काफी देर बाद शव मिलने की जानकारी पाकर राजकुमार के भाई रामसेवक ने मौके पर पहुंचकर देखा तो उसकी पहचान राजकुमार के रुप में की। शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं होने से राजकुमार की मौत ठंड से होने की आशंका जताई जा रही है। एसओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पता लगने के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।