थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव करौंदा में 11 दिन से लापता युवक की लाश मंगलवार को गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर पेड़ से लटकी मिली। घरवाले पत्नी से झगड़ा होने पर फांसी लगाकर जान देने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। गांव करौंदा निवासी रामसेवक ने बताया कि उनका 22 वर्षीय बेटा भानु एक साल पहलेे इलाहाबाद से राधा नाम की महिला को ले आया था और उससे शादी कर ली। पहले पति से राधा के ढाई साल का बेटा भी है। ग्यारह दिन पहले भानु का किसी बात को लेकर राधा से झगड़ा हो गया। इसके बाद वह बिना बताए घर से निकल गया। एक दिन भानु अपने छोटे भाई रूम सिंह को मिला भी। उसने घर चलने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। घरवालों ने उसे तलाशा भी लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह गांव से डेढ़ किमी दूर गन्ने के खेत में आम के पेड़ से उसका शव लटका मिला। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।