रोजा क्षेत्र के लोधीपुर निवासी दिनेश प्रजापति की ढाई माह की बीमार बेटी लक्ष्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। मामले की तहरीर मिलने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। दिनेश प्रजापति की मासूम बेटी को सोमवार को खांसी जुकाम की शिकायत हुई। इस पर वह लोधीपुर में ही स्थित एक प्राइवेट डॉक्टर के पास मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे दवा लेने गया। जहां बेटी को एक इंजेक्शन लगाने के बाद डॉक्टर ने कुछ दवा देकर उसे घर भेज दिया। घर पहुंचने के बाद जब उसे दवा पिलाने के लिए चम्मच मुंह में लगाया तो उसकी सांसे थम चुकीं थीं। पीड़ित ने बताया कि बेटी की मौत के बाद जब उसने डॉक्टर से इंजेक्शन के बारे में पूछा तो उन्होंने यह नहीं बताया कि कौन का इंजेक्शन लगाया गया। घटना के बाद मृतक मासूम बच्ची की मां उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए मामले की तहरीर दी लेकिन पुलिस ने उसकी सुनी नहीं। बहाना बनाते हुए उसे टरका दिया गया। पीड़ित परिवार दो बार थाने गया, फिर भी उसकी सुनी नहीं गई। बुधवार सुबह जब परिजन बच्ची का शव लेकर थाने पहुंचे, तब पुलिस कुछ हरकत में आई और मामले की तहरीर लेकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।