मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे पर मिनी बस और गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें बस चालक सहित ट्रक में बैठी एक सवारी की मौत हो गई। उधर, एक टेंपो पलटने से उसमें दबकर एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
बरेली की ओर से शाहजहांपुर जा रहा भारत गैस के सिलेंडरों से भरा ट्रक जब नेशनल हाईवेे पर बिजली घर के सामने से गुजर रहा था तभी सामने से आई मिनी बस से भिड़ंत हो गई। ट्रक का चालक जसप्रीत पुत्र कुलदीप निवासी व्यूनी जिला मोगा, पंजाब बुरी तरह ट्रक में फंस गया। उसे पुलिस ने निकालकर इलाज के लिए भिजवाया, लेकिन गंभीर रूप से घायल जसप्रीत ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। उधर ट्रक का हेल्पर बरेली के थाना भोजीपुरा निवासी प्रेमपाल पुत्र गंगाराम भी गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही ट्रक में बरेली से शाहजहांपुर के लिए सवारी के रूप में बैठे एक वृद्ध की भी मौके पर ही मौत हो गई। बस में भी कई लोगों को चोटें आईं।
उधर, क्षेत्र के गांव हरिहरपुर और लोहरगवा के सामने फतेहगंज पूर्वी से जैतीपुर से सवारिया लेकर जा रहा टेंपो अंसतुलित होकर पलट गया। टेंपो के पलटते ही उसमें बैठी सवारियों में कोहराम मच गया। चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने टेंपो में फंसे लोगो को निकाल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय भीमसेन पुत्र हेतराम निवासी कुआडांडा जैतीपुर और आठ वर्षीय अमन पुुत्र राजवीर निवासी नदैय्या को इलाज के लिए बरेली भिजवाया और मामूली घायलों को फतेहगंज के सीएचसी से दवाई दिलाकर रवाना कर दिया। उधर इलाज के दौरान भीमसेन ने दम तोड़ दिया जबकि चालक टेंपो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतको का पंचनामा भर कर शव पोस्टमार्टम लिए भेज दिया है।