फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रेम और पैसे के पीछे मारा गया विशाल

Sat, 09 Jul 2016 11:39 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो रोजा।
विज्ञापन
हत्या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मां की तहरीर पर प्रेमिका समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
विज्ञापन

डेढ़ लाख रुपये देने के बहाने बुलाया था विशाल को
गोली मारने के साथ धारदार हथियारों से भी हमला किया
शुक्रवार की रात नेवाजपुर गांव में मारे गए विशाल सिंह की हत्या प्रेम प्रसंग और पैसों के लेनदेन की वजह से हुई थी। मामले में विशाल की मां की तहरीर पर विशाल की प्रेमिका, उसके मां-पिता और भाई समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई हैं लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। 
थाना क्षेत्र के हांडा कालोनी निवासी विशाल सिंह की शुक्रवार की रात नेवाजपुर गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। गोली मारने के अलावा उसके चेहरे पर धारदार हथियार से प्रहार भी किए गए थे, जिससे विशाल सिंह का चेहरा क्षत विक्षत हो गया था। मृतक विशाल सिंह की मां कुलदीप कौर ने छह लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि आरोपी की पत्नी ने 2015 में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ा था। विशाल सिंह उसका समर्थन कर रहा था। इसी बहाने विशाल सिंह आरोपी के घर आने जाने लगा और उसकी बेटी से प्यार करने लगा। विशाल को अपनी बेटी के प्यार में पड़ा देख आरोपी ने चुनाव के बहाने उससे डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। इस बीच विशाल और आरोपी की बेटी में अंतरंगता और बढ़ गई। इससे दोनों परिवारों में तनातनी शुरू हो गई। 
विज्ञापन

तहरीर के मुताबिक 15 दिन पहले विशाल सिंह ने आरोपी से अपने पैसों की मांग की तो वह रंजिश मानने लगा। शुक्रवार की रात आरोपी के बेटे ने फोन कर विशाल को पैसे लेने के लिए बुलाया था। शुक्रवार की रात नौ बजे विशाल अपने पैसे लेने के लिए आरोपी के पास गया था। आरोप है कि यहां पैसों के लेनदेन को लेकर विशाल का आरोपियों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर लड़की के पिता ने पहले विशाल के सीने में गोली मार दी। विशाल भागा तो लड़की और उसकी मां ने पकड़ लिया। इसी बीच आरोपी के दो बेटों ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर उसके ऊपर धारदार हथियार से हमला करना शुरू कर दिया। इसी बीच लड़की के पिता ने विशाल के माथे से सटाकर दूसरी गोली मारी और विशाल ने मौके पर दम तोड़ दिया। अनहोनी की आशंका को देखते हुए विशाल की मां कुलदीप कौर अपनी बेटी सर्वजीत कौर, राजविंदर गिल व पति मंगल सिंह के साथ घटना स्थल पर पहुंची। सभी ने घटना को देखा और हमलावरों को ललकारा। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र देव पाठक फोर्स के साथ पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। 
 
विशाल की दो बहनें पुलिस में अंडर ट्रेनी
शुक्रवार की रात नेवाजपुर में मारे गए विशाल सिंह की बहनें भी पुलिस विभाग में है। एक बहन राजविंदर गिल इस समय उप निरीक्षक पद के ट्रेनिंग पीटीसी मुरादाबाद से कर रही है, जो इस समय ईद के अवकाश पर घर आई हुई हैं। दूसरी बहन सिपाही के पद की ट्रेनिंग बरेली पुलिस लाइन में कर रही है। तीन बहनों में विशाल अकेला भाई था। विशाल शादीशुदा और एक बेटे का पिता था।
 
विशाल के मर्डर में पुलिस की लापरवाही उजागर
नेवाजपुर में शुक्रवार की रात विशाल सिंह की हत्या में पुलिस की लापरवाही भी उजागर हुई है। यह हत्याकांड एक दिन का परिणाम नहीं बल्कि सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। चर्चा है कि करीब तीन माह पहले विशाल सिंह की प्रेमिका ने 1090 पर फोन कर अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस उसके पिता को पकड़कर थाने लाई लेकिन 24 घंटे बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके एक सप्ताह बाद विशाल की प्रेमिका संदिग्ध हालत में जल गई। इसकी सूचना भी पुलिस को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आरोपियों के हौसले बढ़ते चले गए। पूरे घटनाक्रम में दिलचस्प यह भी है कि इतना सब होने के बाद भी पुलिस ने स्थानीय स्तर से किसी भी पक्ष के खिलाफ  निरोधात्मक कार्रवाई तक नहीं की। 
विज्ञापन


विशाल सिंह की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई है। पैसों के लेनदेन का मामला भी सामने आया है। इसमें कुछ अन्य लोगों के शामिल होने के भी संकेत मिल रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। 
- नरेंद्र देव पाठक, प्रभारी निरीक्षक रोजा
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें