रोजा थाने के गांव चकभिटारा में रविवार रात एक दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने एक राइस मिल पर धावा बोल दिया। असलहों के बल पर दो चौकीदारों को कब्जे में लिया और इसके बाद मिल में जमकर लूटपाट की। बदमाश यहां से करीब तीन लाख का माल लूट लिया। मामले में पुलिस ने चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। सूचना पर एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने मौका मुआयना कर जानकारी ली।
चौक कोतवाली के मोहल्ला दीवान जोगराज निवासी नीरज वाजपेयी की रोजा के गांव चकभिटारा में राइस मिल है। रविवार रात मिल में चौकीदार प्रेमपाल निवासी सरही थाना रोजा और रामपाल निवासी चकभिटारा थे। रात करीब 10:30 बजे दर्जन भर सशस्त्र बदमाश मिल में घुस गए। मिल में घुसते ही बदमाशों ने दोनों चौकीदारों को असलहों के बल पर कब्जे में लिया। दोनों के मोबाइल छीनकर कुचल दिए। इसके बाद बदमाशों ने यहां इत्मिनान से लूटपाट की। बदमाश दो बैट्री करीब 24 हजार और मिल परिसर में रखे ट्रांसफार्मर से करीब 2.70 लाख रुपये का सामान लूट ले गए। दोनों चौकीदारों को बांधकर डाल दिया। किसी तरह मुक्त होने के बाद चौकीदारों ने मिल मालिक को सूचना दी। मिल मालिक नीरज वाजपेयी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वारदात के बारे में पुलिस को बताया।
सूचना पर इंस्पेक्टर रोजा राजवीर सिंह मौके पर पहुंचे। मुआयना करने के साथ उन्होंने घटना की जानकारी ली। चौकीदारों के बयान दर्ज किए। मिल में लूटपाट की सूचना पर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रोजा थाना पुलिस को घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
लूटपाट से पहले तोड़ दिए सीसी कैमरे, एलईडी भी ले गए
बदमाशों को मिल के अंदर कहां पर क्या है सब कुछ पता था। घटना पर गौर करें तो इसे बेहद शातिराना अंदाज में अंजाम दिया गया। मिल में घुसने के बाद बदमाशों ने सबसे पहले सीसी कैमरों को तोड़ा। इसके बाद चौकीदारों के मोबाइल छीन कर कुचल दिए। लूटपाट करने के बाद जाते वक्त बदमाश सीसी कैमरों के लिए लगाए गए एलईडी को भी ले गए। गौर करें तो वारदात में कई पेंच भी सामने आ रहे हैं। माना जा रहा है कि घटना में किसी ऐसे व्यक्ति का भी हाथ हो सकता है तो मिल के बारे में अंदर तक जानकारी रखता था। एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि मिल में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कुछ क्लू मिले हैं। घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।