चोरी की तीन बाइक के साथ एक गिरफ्तार
पटवाई (रामपुर) । दिल्ली और नोएडा से बाइक चोरी कर रामपुर में बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक बुलेट बाइक समेत तीन चोरी की बाइक बरामद की हैं।
पटवाई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के नदनऊ गांव में छापा मारा। पुलिस ने यहां से दिलशाद को पकड़ लिया,जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए । पुलिस ने एक बुलेट बाइक समेत तीन बाइकों को भी उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की और फिर उसे एसपी के सामने पेश किया। पुलिस लाइन में एसपी डा.विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में आरोपी दिलशाद ने बताया कि साथियों के साथ मिलकर दो बुलेट नोएडा और एक करिज्मा बाइक दिल्ली से चुराई थी। इस मामले में पटवाई पुलिस ने दिलशाद को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया है। एसपी ने बताया कि बुलेट चोरी का मुकदमा नोएडा में दर्ज है और बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। बताया कि ये लोग बाइक चुरा कर रामपुर और उसके आसपास के जिलों में बेचा करते थे।