शराब की दुकान के सेल्समैन ने किया 27 लाख गबन
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौक स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समैन ने अपने पिता और भाई के सहयोग से शराब बिक्री में हेराफेरी करके करीब 27 लाख रुपये का गबन कर दिया। शराब कंपनी के प्रबंधक की तरफ से तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शराब कंपनी एक्यूरेट फूड्स एवं बेवरेजज प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधक प्रवेश यादव ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मोहल्ला चौक में उनकी कंपनी की अंग्रेजी शराब की दुकान है। इस दुकान पर मोहल्ला मोहम्मद जई निवासी शाकिर अली काफी लंबे समय से बतौर सेल्समैन नियुक्त था। दुकान पर शाकिर के पिता जाकिर अली और भाई नासिर अली भी सहयोग के लिए बैठते थे। इन लोगों का कार्य शराब बिक्री करके उसके रुपयों के पर्चों में अंकित करके समय पर उनके कार्यालय में हिसाब देने का दायित्व था। कंपनी के स्टाफ से पता चला कि इन लोगों ने दुकान के हिसाब में हेराफेरी की है। शिकायत मिलने पर उनके और स्टाफ के द्वारा 11 जून 2016 की रात में दुकान के हिसाब की चेकिंग की गई। जिसमें पाया गया कि शाकिर अली 27,35,145 रुपये जमा नहीं किए गए हैं। शाकिर ने अपने पिता और भाई के सहयोग से इतने रुपये का गबन किया है। शाकिर से हिसाब के रुपये मांगे गए तो उसने देने से इनकार कर दिया। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 409 और 420 के तहत मुकदमा दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी है। कोतवाली इंस्पेक्टर आरएन चौधरी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।