पॉवर कारपोरेशन के कनेक्शन चेकिंग अभियान के तहत बंद मीटर पर बिजली का इस्तेमाल करते हुए छह मामले पकड़े गए। बिजली अफसरों ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन के नजदीक जलालनगर इलाके में अभियान चलाया। लाइन स्टाफ के साथ मौजूद एसडीओ इंद्रराज यादव ने ऐसे सभी मीटर जांच कराने को सील करा दिए। इस बीच, वहां लगाए गए कैंप में मिले आवेदनों के आधार पर 21 मीटर बदले गए।मीटर बंद होने या फिर उसमें कोई खराबी आने की लिखित सूचना नजदीकी सब स्टेशन पर दिए बगैर बिजली के इस्तेमाल को विभाग अपराध मानता है। इसीलिए चेकिंग में मीटर की भौतिक स्थिति जांचने पर खास ध्यान दिया जा रहा है। टीम ने निरीक्षण करने पर करीब दो दर्जन से अधिक घरों और दुकानों के मीटर खराब पाए। जांच में छह उपभोक्ता ऐसे मिले जिन्होंने मीटर खराबी की विभाग को कोई सूचना नहीं दी।एसडीओ यादव के अनुसार मीटर पुराना होने पर भी तकनीकी समस्याएं पैदा करता है और ऐसे मामलों में मीटर बदलकर उपभोक्ताओं पर दंडनीय कार्रवाई नहीं की जाती है। उन्होंने कहा कि सील किए गए मीटरों की विभागीय स्तर पर होने वाली तकनीकी जांच में उनसे छेड़छाड़ प्रमाणित हुई तो संबंधित उपभोक्ताओं से जुर्माना वसूलने और एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।चेकिंग टीम के सख्त रुख को देखते वहां लगाए गए कैंप में तरह-तरह के विभागीय काम लेकर तमाम उपभोक्ता उमड़े। शिविर में करीब सवा सौ उपभोक्ताओं ने 6.50 लाख रुपये जमा करके रसीद हासिल कीं। छह बकाएदारों द्वारा बिल जमा नहीं करने पर उनके कनेक्शन काट दिए गए। इसी मौके पर 24 कनेक्शनों का लोड बढ़ाया गया और ओटीएस के तहत सरचार्ज में छूट पाने को तमाम बाकीदारों ने रजिस्ट्रेशन कराया।