पुवायां तहसील परिसर में मामूली विवाद को लेकर गांव भटिउरिया निवासी वकील सौरभ यादव और गारद ड्यूटी पर तैनात सिपाही रिषि कुमार के बीच मारपीट हो गई। घटना से नाराज वकील भारी संख्या में कोतवाली जा पहुंचे और सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। इस दौरान पुलिस और वकीलों के बीच हॉट टॉक भी हुई।
वकील सौरभ यादव ने बताया कि शुक्रवार को वह तहसीलदार से मिलने जा रहे थे। कोषागार के पास से निकलने पर सिपाही रिषि कुमार ने उनसे गाली गलौज करना शुरू कर दिया। मना करने पर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सिपाही की राइफल में लगी संगीन से उनकी पीठ में चोट भी लग गई। उधर, सिपाही का आरोप था कि कोषागार की ओर से निकलने पर टोकने पर वकील ने गाली गलौज कर दिया। इस दौरान वकील और कुछ अन्य लोगों से उसके साथ मारपीट कर दी।
घटना की जानकारी होते ही वकील उत्तेजित हो उठे। भारी संख्या में वकील कोतवाली पहुंचे और सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग करने लगे। सूचना पाकर एसडीएम लालबहादुर, सीओ उमेश शर्मा, तहसीलदार रत्नाकर मिश्रा भी कोतवाली पहुंचे और दोनों पक्षों की बात सुनी। अधिकारियों ने वकीलों से मामले में समझौता कराकर बात समाप्त करने को कहा, लेकिन वकील रिपोर्ट दर्ज कराने पर अड़े रहे। चार घंटे तक मचे झमेले के बाद वरिष्ठ वकीलों और अधिकारियों के बीच वार्ता में सिपाही के माफी मांगने पर मामले को समाप्त कर देने पर सहमति बन गई।
इसके बाद सिपाही ने वकील से माफी मांग ली। सिपाही का कहना था कि उसने आम आदमी समझकर सुरक्षा की दृष्टि से वकील को कोषागार की ओर से निकलने को मना किया था। सिपाही के माफी मांगने के बाद वकील वापस लौट गए।