जमीन के विवाद में राजीनामा नहीं करने पर कुछ लोगों ने एक युवक का अपहरण कर लिया और पिटाई कर धमकी देते हुए छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव रसवां कलां के सुखपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सात जनवरी की शाम वह घरेलू सामान की खरीददारी कर घर जा रहा था। रास्ते में पांच लोगों ने उसे पकड़ लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए एक टेंपो में बैठा लिया। सभी के पास तमंचे आदि होने के कारण वह शोर नहीं मचा सका। उक्त टेंपो को पुवायां मार्ग पर ले गए और उसको जमकर पीटा। बेहोश होने पर आरोपी उसे पुवायां मार्ग के किनारे खाईं में फेंककर भाग निकले। होश में आने पर वह किसी तरह घर पहुंचा।
बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवार के लोगों के साथ थाने पहुंचा और तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया। पीड़ित ने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर वह गांव छोड़ने पर विवश होगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।