लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के शंकरपुर चौराहा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक कांवड़िए को कुचल दिया। उसे मोहम्मदी के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शाहजहांपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव जरियनपुर के करीब 150 कांवड़िया गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। शुक्रवार की रात करीब एक बजे मोहम्मदी थाना क्षेत्र में शंकरपुर चौराहा के पास बारिश होने की वजह से ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा करके सब आराम करने लगे। इसी दौरान प्रेमसिंह (30) पुत्र इंद्रपाल सिंह बारिश से बचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे बैठ गया। इसी दौरान पीछे से आए ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
इस पर कांवड़ियों ने आनन-फानन में उन्हें मोहम्मदी के अस्पताल में ले गए, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। शुक्रवार की रात 03:20 बजे साथ कांवड़िए प्रेम सिंह को लेकर जिला अस्पताल में पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनिकेत और आदर्श के सिर से उठा बाप का साया
प्रेम सिंह की शादी सात वर्ष पहले पिंकी से हुई थी। दो बेटे पांच वर्ष का अनिकेत और तीन वर्ष का आदर्श है। इन दोनों के सिर से बाप का साया उठ गया। घटना की सूचना पिंकी को मिली तो उसका रो-रोकर बुरा हाल है।
छोटा भाई रामकुमार भी गया था गोला
प्रेम सिंह के साथ उनका छोटा भाई रामकुमार भी कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ गया था। वह बाइक से आगे निकल गया। इस बारे में रामकुमार ने बताया कि जब उसे घटना की जानकारी मिली तो वह गोला पहुंच चुका था। कहा कि घटना की सूचना मिलने पर उसे यकीन नहीं हुआ कि उसका भाई इस दुनियां में नहीं रहा। कहा कि घटना की सूचना मिलते ही वह फौरन मौके पर पहुंच गया।