चोरों ने सराफा की दुकान के ताले तोड़कर जेवर उड़ाए
बृहस्पतिवार रात मुख्य चौराहे के पास पुलिस पिकेट से 50 मीटर दूर एक सराफा व्यापारी की दुकान के ताले तोड़कर चोर नगदी समेत चार लाख के जेवर उड़ा ले गए। चोरी की इस घटना से व्यापारियों में रोष है। नगर के मोहल्ला रामनगर निवासी जगदीश वर्मा की मुख्य चौराहे से बिलसंडा रोड पर विशाल ज्वैलर्स नाम से सोने, चांदी के आभूषणों की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम जगदीश दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोर दुकान के ताले तोड़कर सात हजार रुपये नगद, सोने, चांदी के जेवर चोरी करके ले गए। शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों ने दुकान के ताले टूटे देख जगदीश को चोरी की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे जगदीश दुकान की दुर्दशा देख बेहोश होकर गिर पड़े। चोरी की जानकारी पाकर तमाम व्यापारी मौके पर आ पहुंचे और जगदीश को साथ लेकर थाने गए। जगदीश की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। व्यापारियों ने पुलिस पिकेट से मात्र 50 मीटर दूरी पर चोरी की घटना होने पर रोष जताया। कहा कि इससे पुलिस की लापरवाही साफ उजागर होती है। चोरों ने दुकान के पांच ताले तोड़कर घटना को अंजाम दिया, लेकिन पिकेट पर तैनात पुलिस कर्मियों को इसक भनक तक नहीं लगी। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।