पंचर जुड़वाने के लिए गुवारी गांव में रुके सराफा व्यवसायी की कार से बाइक सवारों ने करीब ढाई लाख की चांदी के आभूषणों से भरा बैग उड़ा दिया और फरार हो गए। व्यवसाई की ओर से थाना आरसी मिशन में घटना की तहरीर दी गई है। पुलिस को दी तहरीर में शहर के मोहल्ला छोटा चौक निवासी नीरज रस्तोगी ने पुलिस को बताया कि उसकी उधरनपुर में सराफे की दुकान है। वह रोज की तरह कार से दुकान खोलने जा रहा था। इसी बीच गुवारी गांव के समीप उसकी कार पंचर हो गई। वह पंचर जुड़वाने के लिए रुका कि इसी बीच दो बाइक पर सवार तीन लोगों ने उसे बातों में उलझा लिया। इसी दौरान ध्यान बंटने पर एक सवार ने कार में रखा उसका बैग निकाल लिया और वह साथियों के साथ फरार हो गया। नीरज ने पुलिस को बताया कि उसके बैग में लगभग ढाई लाख की चांदी, आभूषण, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड आदि रखा था।