पुवायां। पुवायां कोतवाली में शिकायत लेकर गई महिला की नशे में पिटाई करने वाले दरोगा को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी की कार्रवाई से कोतवाली में खलबली मची हुई है। मालूम हो कि शनिवार को खीरी के भीरा थाना क्षेत्र के गांव अंबारा निवासी रामकुमार की पत्नी राजकुमारी देवी पुत्री अंशिका की विदा को लेकर हुए विवाद की शिकायत करने थाने आई थीं। इंस्पेक्टर के न मिलने पर राजकुमारी कोतवाली में बैठकर उनका इंतजार करनेे लगीं। आरोप है कि इसी दौरान नशे में धुत दरोगा बीबी सिंह वहां पहुंचे और महिला से गालीगलौज करने लगे। महिला ने जब उन्हें अपनी व्यथा सुनानी चाही तो उन्होंने कुर्सी उठाकर महिला को पीटना शुरू कर दिया। शोरशराबे पर कुछ पुलिस वालों ने ही महिला को बचाया। मामला एसपी तक पहुंचीं तो उन्होंने जानकारी ली और फिर दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। इस संबंध में दरोगा बीबी सिंह का कहना है कि कोतवाली आई महिला मानसिक रूप से कमजोर थी। वह ऊलजलूल बातें कर रही थी। उन्होंने महिला को डराने के लिए कुर्सी उठाई थी। महिला को कुर्सी से पीटने का आरोप निराधार है।