थाना कलान क्षेत्र के गांव रूकनपुर में ब्याही महिला ने ससुराल वालों पर मारपीट कर घर से भगा देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उसे तीन लोग एक अज्ञात स्थान पर एक महीना तक बंधक बनाए रहे। जैसे-तैसे छूटकर वह मायके मैनपुरी पहुंची और घरवालों को आपबीती सुनाई। बृहस्पतिवार को उसने घरवालों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण को पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। जिला मैनपुरी के थाना भोगांव के अलीपुर खेड़ा निवासी रजनी ने बताया कि उसकी शादी 14 मई, 2011 को थाना कलान के गांव रूकनपुर निवासी विमल के साथ हुई थी। शादी के पांच साल बाद भी उसके कोई बच्चा नहीं हुआ, तो ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। आरोप लगाया कि नौ नवंबर को ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। जब वह बस से फर्रुखाबाद पहुंची तो वहां एक युवक ने पानी में नशे की कोई चीज मिलाकर दे दी। इससे वह बेहोश हो गई। जब होश आया तो खुद को एक कमरे में बंद पाया। वहां तीन लोग थे। बंधक बनाने का विरोध करने पर उन लोगों ने मारपीट की। नौ जनवरी की शाम वह मकान में मौजूद एक शख्स की आंख में मिर्च झोंक कर भाग निकली। पीड़िता ने बताया कि रात के अंधेरे में वह रेलवे स्टेशन पर पहुंची और लखनऊ जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई। लखनऊ से वह अपने मायकेे पहुंची। अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
महिला घर से फर्रुखाबाद दवा लेने गई थी। वहां से वह कन्नौज के एक आदमी के साथ चली गई और फिर वहीं रहने लगी। इस बीच उसके मायके मायके वालों ने ससुराल वालों पर महिला की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए महिला आयोग से शिकायत की। इस पर सीओ जलालाबाद ने जांच की तो पता चला कि महिला कन्नौज मेें किसी व्यक्ति के साथ रह रही है। अब उसने ससुराल वालों पर आरोप लगाए हैं। - धर्मेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष कलान