एक किशोरी से एक तरफा प्रेम करने और शादी करने के लिए दो लाख रुपये का लालच देने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक एक नाबालिग किशोरी को प्रेमपत्र लिखता था। किशोरी ने कई बार एतराज भी जताया, लेकिन युवक बाज नहीं आया। बाद में युवक लड़की पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। शादी करने पर दो लाख रुपये देने की बात कहकर उसे प्रेमपत्र थमाने लगा। मामला हद से आगे बढ़ा तो लड़की ने मामले की जानकारी अपनी मां को दी। मां ने युवक को समझाया, लेकिन वह लड़की को परेशान करता रहा।
मां ने बुधवार को थाने आकर पुलिस को तहरीर के साथ युवक के प्रेमपत्र भी सौंपे। पुलिस युवक को पकड़कर लाई तो उसने प्रेमपत्र लिखने की बात से इंकार कर दिया। युवक ने कहा कि उसे फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। युवक से थाने में वैसे ही पत्र लिखवाए गए तो हैंडराइटिंग मैच कर गई। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा।