फेरी लगाकर कपड़ा बेचने वाले व्यापारी से दो बदमाशों ने बाइक, कपड़े की गठरी, मोबाइल और 23 सौ रुपये लूट लिए। पीड़ित ने कोरोंकुइयां पुलिस चौकी पर तहरीर दी है। गांव खिरिया पाठक निवासी जमीर खां गांवों में फेरी लगाकर कपडे़ बेचने का काम करता है। शनिवार को वह बाइक से फेरी लगाने निकला था। गांव कोरोंकुइयां से रेहरिया जाते समय शारदा नहर के रेहरिया पुल के पास पहले से खड़े दो बदमाशों ने तमंचे तानकर उसे रोक लिया और शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश बाइक, कपड़े की गठरी, नकदी आदि लूट कर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद जमीर खां ने शोर मचाया तो तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। जमीर खां एक राहगीर की बाइक से कोरोंकुइयां पुलिस चौकी पहुंचे और लूट की सूचना दी। पुलिस कपड़ा व्यापारी को लेकर मौके पर गई और घटना के बारे में जानकारी ली। चौकी प्रभारी आलोक मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में मामला सही पाने पर कार्रवाई की जाएगी।