जीआरपी ने गश्त के दौरान शातिर जेबकतरा और मोबाइल चोर को पकड़ लिया। उसके पास से नौ मोबाइल बरामद हुए। वह चोरी किए हुए मोबाइल बेचने के लिए दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान जीआरपी ने उसे दबोच लिया, जबकि मोबाइल बेचने में साथ देने वाले उसके दो साथी अभी फरार हैं।
जीआरपी एसओ जयशंकर सिंह ने बताया कि तिलहर के मोहल्ला इमलीटोला के जबर हुसैन का पुत्र नाजिम उर्फ अगवा ट्रेनों में हरदोई से लेकर मुरादाबाद तक मोबाइल चोरी और जेब कतरी के धंधे में लिप्त है। चोरी किए हुए मोबाइलों को बिक्री कराने में लल्ला और छुट्टन उसका साथ देते हैं। एसओ के मुताबिक, नाजिम रविवार की सुबह करीब पांच बजे प्लेटफार्म दो-तीन के पूर्वी केबिन के पास खड़ा था। वह दिल्ली में मोबाइल बेचने जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर एचसीपी ओमपाल सिंह ने कांस्टेबिल विजय प्रताप सिंह और अरविंद कुमार के साथ उसे दबोच लिया। उसके पास विभिन्न कंपनियों के नौ मोबाइल बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में नाजिम ने अपने अपराधों को कुबूल भी लिया। वह स्मैक और इंजेक्शन से लिए जाने वाले नशे का आदी है। इससे पहले उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा में तिलहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो चुका है।