रामकोट इलाके के मधवापुर गांव में शनिवार रात चोर एक घर में घुस गए। जिसके बाद चोरों ने वहां से 25 हजार की नगदी, दो लाख के जेवर, लाइसेंसी बंदूक, कारतूस समेत करीब ढाई लाख रुपये का माल पार कर दिया।
सुबह लोगों को घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद पुलिस बुलाई गई। सीओ, एसओ, डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की। चोरी गई बंदूक सरकारी स्कूल के पास मिल गई, लेकिन अन्य सामान गायब है।
मधवापुर निवासी विजय कुमार मिश्र कारखाना चलाते हैं। रात को चोर दीवार के सहारे घर में घुस गए। जिसके बाद चोरों ने उसके घर से 25 हजार की नगदी, लगभग दो लाख के जेवर, कपड़े, लाइसेंसी बंदूक व 35 कारतूस सहित लगभग ढाई लाख रुपये का माल पार कर दिया।
सुबह घर के लोग सोकर उठे तो कमरे खुले मिले। खबर पाकर सीओ राहुल मिठास, एसओ कुंवर बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड भी पहुंचा। इस दौरान चोरों द्वारा पार की गई लाइसेंसी बंदूक पड़ोस स्थित सरकारी स्कूल के पास पड़ी मिली। एसओ का कहना है कि जांच की जा रही है।