शहर के ‘ए’ ग्रेड रेलवे स्टेशन पर तमाम अव्यवस्थाएं हैं, जो समय-समय पर सामने आती रहती हैं। शनिवार को प्लेटफार्म एक के टिन शेड में लगा सीलिंग फैन गिर गया, इससे जीआरपी इंस्पेक्टर की आंख के ऊपर फैन का एक ब्लेड लग गया, जिससे उनकी भौं फट गई। वहीं बैठे आरपीएफ इंस्पेक्टर के चेहरे पर खराेंचे आ गईं, जबकि रोजा चौकी इंचार्ज बाल-बाल बच गए।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक स्थित जीआरपी थाना के सामने जीआरपी इंस्पेक्टर डीके उपाध्याय, आरपीएफ इंस्पेक्टर एसपी सिंह और रोजा चौकी इंचार्ज जयशंकर सिंह किसी मामले को लेकर चर्चा कर रहे थे। करीब 12 बजे टिन शेड में पाइप पर लटक रहा सीलिंग फैन बीच में रखी मेज पर गिर गया। इससे उपाध्याय की भौं फट गई। वहीं अन्य दोनों लोग बाल-बाल बच गए। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। स्टेशन पर डॉक्टर न मिलने पर फर्स्ट एड के लिए बाहर से डॉक्टर को बुलाया गया।