पुलिस ने कहा घटना संदिग्ध, रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू
चोर दुकान के ताले तोड़कर नकदी, मोबाइल और रिचार्ज सहित 15 लाख रुपये की संपत्ति चुराकर ले गए । इसकी रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। नगर के मोहल्ला आजादनगर निवासी नीतेश श्रीवास्तव ने बताया कि पुवायां में बस स्टैंड के पास उनकी रामजी मोबाइल शाप के नाम से दुकान है। उनके पास दो मोबाइल कंपनियों की एजेंसी है। मंगलवार शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए। बुधवार सुबह उनके पिता रामकुमार और दुकान पर मिस्त्री का काम करने वाले गांव मजीदापुर निवासी अमित दुकान खोलने पहुंचे, तो दुकान के ताले टूटे पड़े मिले। सूचना पाकर वह भी मौके पर पहुंचा। शटर उठाने पर दुकान में रखी तीन हजार की नकदी, 20 हजार के रिचार्ज कूपन, तमाम नए मोबाइल सहित लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति गायब मिली। नीतेश ने बताया कि दुकान में सीसटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन शार्ट सर्किट के डर से वह रोजाना घर जाते समय कैमरे बंद कर देता है। नीतेश ने बैंक से दुकान की 15 लाख रुपये की लिमिट बनवा रखी है। दुकान का बीमा भी है। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। नीतेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चोरी की घटना पूरी तरह संदिग्ध है, फिर भी रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।