गिरगिचा गांव में शुक्रवार रात आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने एक मकान पर धाबा बोलकर एक परिवार को असलहों के बल पर बंधक बनाकर नगदी और जेवर लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार की जमकर पिटाई की। इस घटना की तहरीर देने बाद भी पुलिस ने देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। गांव गिरगिचा निवासी रामभरोस का मकान शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग किनारे स्थित है। शुक्रवार रात वह मकान में परिवार के साथ सोए हुए थे। रात करीब एक बजे पालतू कुत्ते के भाैंकने पर रामभरोसे की आंख खुल गई। उन्होंने घर के आंगन में आधा दर्जन से अधिक ढाटा धारी बदमाश खड़े हुए थे। ललकराने पर एक बदमाश ने रामभरोस के कनपटी पर तमंचा रख दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने रामभरोसे, उनकी पत्नी सोन देवी, 16 वर्षीय बेटी रिंकी, 14 वर्षीय पुत्र वासुदेव के हाथपैर बांधकर एक कमरे में डाल दिया और बाहर से कुंडी लगा दी। बदमाशों ने रिंकी पैर से पायल, सोन देवी के कान कुुंडल नोंच लिए। इसके बाद बदमाशों ने दूसरे कमरे में रखे संदूक का ताला तोड़कर खंगाला, लेकिन उन्हें कुछ मिला नहीं। विरोध करने पर बदमाशों ने कमरा खोलकर परिवार के सभी सदस्यों की पिटाई लगाई। इसके बाद बदमाश पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। एसओ रजी अहमद ने बताया कि मामला छोटा है जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।