चार घरों से चार लाख की संपत्ति बटोर ले गए चोर
बृहस्पतिवार रात चोर दो गांवों के चार घरों से लगभग चार लाख रुपए की संपत्ति चोरी कर ले गए। सूचना पर सीओ उमेश शर्मा ने पुलिस के साथ मौका मुआयना किया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है। बृहस्पतिवार की रात चोर गांव धारा निवासी बड़ेलल्ला के घर दीवार फांदकर अंदर घुस आए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से से चांदी की एक करधनी, तीन मोबाइल, कीमती कपड़े आदि चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने गांव के ही रामबरन के घर को निशाना बनाया। यहां भी चोर दीवार से छत पर पहुंचे और जीने से घर में घुस गए। चोरों ने रामबरन की किराने की दुकान में रखी एक हजार रुपए की नगदी, कमरे में बक्से में रखे चांदी के चार जोड़ी खड़ाऊं, दो करधनी, पायल, सोने की झुमकी, मांगबेदा, नथुनी, हथफूल, कमर बिछुआ, लर आदि चोरी कर लिया। इसी गांव के रामऔतार के घर से चोर कीमती कपड़े चोरी कर ले गए। सुबह चोरी का पता चलने पर गांव के लोगों ने तलाश शुरू की तो गांव के बाहर बाग में पुराने कपड़े आदि पड़े मिल गए। इसके अलावा गांव सतवां निवासी संतोष मिश्रा के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोर यहां से 60 हजार की नगदी, सोने की चार अंगूठी, एक लर, एक हार, झाले, झुमकी, चार जोड़ी पायल, चार मंगलसूत्र आदि चोरी कर ले गए। रात दो बजे बिजली आने पर संतोष छत से नीचे उतरे तो चोरी का पता चल सका। सूचना पर पुलिस ने दोनों गांवों में पहुंचकर मौका मुआयना किया लेकिन तहरीर मिलने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार विश्नोई ने बताया कि तहरीर पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।