बाइक लूट की बढ़ रहीं घटनाआें पर अंकुश लगाने के लिए एसपी केबी सिंह के निर्देशन में लगी रोजा पुलिस और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने रविवार दोपहर सवा बारह बजे रहीमपुर पुलिया के पास नहर पटरी पर पांच बाइक लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों के पास मौके से पांच और निशानदेही पर इतनी ही बाइकें बरामद की। दो तमंचे, आठ कारतूस और लूटे गए सेलफोन भी लुटेरों से मिले हैं। लुटेरों में एक खीरी और दूसरा हरदोई का रहने वाला हैं। तीन लुटेरे शहर के रहने वाले हैं।
एसपी सिटी कमल किशोर ने बताया सीओ सदर अखिलेश भदौरिया के नेतृत्व में रोजा थाना पुलिस और क्राइम ब्र्रांच स्वॉट की सर्विलांस टीम को बाइक लुटेरे गैंग का पता लगाए जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस टीम गैंग की सुरागरसी में लगी थी, तभी रविवार दोपहर सवा बारह बजे मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि बाइक लुटेरों का गैंग बाइकों के साथ सिंधौली की तरफ से रहीमपुर पुलिया की तरफ आने वाले हैं, जो नहर की पटरी के रास्ते सीतापुर हाईवे की तरफ जाएंगे। सूचना पर नहर पटरी पर गैंग के सदस्य हरदोई के थाना मझिला के गांव टुमुरकी निवासी रुकसाद उर्फ हैदर, लखीमपुर खीरी के थाना मैलानी के गुलाबनगर निवासी अजीम उर्फ मुन्ना, शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महमानशाह निवासी अवसर पुत्र अख्तर, तनवीर, थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बाड़ूूजई निवासी खालिद को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों से पांच बाइकें बरामद कर लीं। रुकसाद से एक तमंचा 315 बोर, पांच कारतूस, अजीम से भी एक तमंचा 315 बोर, तीन कारतूस और लूटे गए 12 मोबाइल व निशानदेही पर पांच और बाइकें नहर किनारे पुरानी खंडहर कोठी से बरामद की हैं। एसपी सिटी ने बताया कि यह लोग जिले के अलावा लखीमपुर खीरी, हरदोई, बरेली, सीतापुर आदि स्थानों पर भी लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि रुकसाद मास्टरमाइंड है और रोजा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। एसपी ने लुटेरों को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार रुपये इनाम दिए जाने की घोषणा की है।
0
12 लोगों का है गैंग
एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े लोगों ने बताया कि उनके गैंग में 12 लोग शामिल हैं। यह सभी लोग अलग-अलग जिलों में लूट की घटनाओं को अंजाम देने के बाद बाइकें बेच देते थे। उन्होंने बताया कि गैंग के बाकी सदस्यों के बारे में पता किया गया हैं। उनकी भी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।